कश्मीर हमले के दोषियों को अंजाम भुगताना होगा : मोदी (लीड-1)

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 45 जवानों की हत्या कर आतंकवादियों ने अपनी ‘सबसे बड़ी गलती’ की है और इस कृत्य के जिम्मेदार लोगों को इसकी बड़ी कीमत चुकानी होगी।

मोदी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले गुरुवार को कश्मीर के पुलवामा में हुए हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) ने ली है। हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 45 जवान शहीद हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन 18, जिसका नाम बदलकर वंदे भारत एक्सप्रेस कर दिया गया है, को हरी झंडी दिखाने के एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “हमने देश के सुरक्षा बलों को पूरी आजादी दे दी है। हमें उनकी बहादुरी और वीरता पर पूरा भरोसा है।”

आतंकवादी समूहों को सीधे संदेश देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “यहां तक कि जो लोग उन्हें पनाह दे रहे हैं..वे जिम्मेदार हैं और उन्होंने सबसे बड़ी गलती की है। उन्हें इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी होगी।”

मोदी ने राष्ट्र को यह भी आश्वासन दिया कि जो शक्तियां हमले के पीछे हैं, उन्हें भी दंडित किया जाएगा।

पाकिस्तान का नाम लिए बिना उस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, “हमारे पड़ोसी देश को पहले ही अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने दरकिनार कर दिया है। इसके बावजूद अगर उसे लगता है कि वह अस्थिरता पैदा कर भारत के लिए समस्या पैदा कर सकता है तो यह उसकी भूल है।”

उन्होंने कहा, “अगर हमारे पड़ोसी, जो सबसे खराब आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, को लगता है कि वह भारत को अस्थिर कर सकता है तो उसका ख्वाब पूरा नहीं होगा।”

मोदी की यह टिप्पणी कैबिनेट की सुरक्षा मामलों की समिति द्वारा पाकिस्तान को दिए गए ‘मोस्ट फेवर्ड नेशन’ का दर्जा वापस लेने का फैसला करने के कुछ ही मिनटों बाद आई है। भारत ने पाकिस्तान को 1996 में एमएनएफ का दर्जा दिया था।

मोदी ने राजनीतिक दलों से इस मुद्दे के राजनीतिकरण से दूर रहने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “यह क्षण बहुत महत्वपूर्ण और भावुक है। हम सभी को राजनीति से दूर रहना चाहिए और हमें उनके खिलाफ एकजुट होना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “जब सभी देश आतंक के खिलाफ एक साथ लड़ेंगे तो आतंकवाद खत्म हो जाएगा। सैनिकों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि इस अपराध के दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए हर कदम उठाएंगे।”

मोदी ने इसके बाद रेल मंत्री पीयूष गोयल के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस का निरीक्षण किया और इसे 11.20 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री द्वारा निर्मित ट्रेन नई दिल्ली से प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लिए रवाना हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493