कश्मीर हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हुई (लीड-1)

श्रीनगर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में रविवार को एक अन्य युवक की मौत और पांच अन्य घायलों के दम तोड़ने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलवामा जिले में कर्फ्यू तोड़कर सुरक्षाबलों पर हमला किया गया, जिसमें हुई गोलीबारी में इरफान अहमद मलिक (17) की मौत हो गई।

अन्य चार मृतकों की पहचान इम्तियाज अहमद मंडू, माशूक अहमद और सफीर अहमद के रूप में की गई है। ये सभी अनंतनाग जिले के हैं। झड़प में घायल हुए पुलवामा जिले के मोहम्मद अल्ताफ ने भी रविवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया।

अधिकारियों ने बताया कि हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद सुरक्षबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में 11 प्रदर्शनकारियों की मौत के बाद रविवार को पूरी घाटी में कर्फ्यू लगा दिया गया था।

कश्मीर के संभागीय आयुक्त असगर हुसैन समून ने संवाददाताओं को बताया कि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी कश्मीर घाटी में कर्फ्यू लगा दिया गया है, जो शनिवार आधी रात से लागू है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद उपजे संघर्षो में अब तक आदिल बशीर, दानिश आयूब, अब्दुल हामिद मूची, जहांगीर गनई, ऐयाज अहमद थोकरु, अशरफ डार, शौकत अहमद, हसीब अहमद तथा साकिब मीर (सभी अनंतनाग जिले से), कुलगाम के खुर्शीद अहमद और शोपियां के आजाद हुसैन शामिल हैं।

अतिरिक्त महानिदेशक (सीआईडी) एस.एम.सहाय और पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर क्षेत्र) के सैयद जाविद मुजतबा गिलानी ने संवाददाताओं को बताया कि हिंसक भीड़ ने शनिवार को चार पुलिस थानों, दो पुलिस पिकेट और तहसीलदार के कार्यालय में आग लगा दी।

इसके अलावा, सुरक्षाबलों के हथियार छीनने और उनके वाहनों में आग लगाने की भी घटनाएं हुई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शनिवार को हुए संघर्षो में तीन पुलिसकर्मी लापता हैं, जबकि 96 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

गौरतलब है कि हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद अलाववादियों ने घाटी में बंद का आह्वान किया है, जो सोमवार तक जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की अध्यक्षता में रविवार को श्रीनगर में मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें राज्य में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493