कांग्रेस ने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौत किया : भाजपा

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस और पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम पर राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता करने का आरोप लगाया।

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी मुख्यालय में मीडिया से कहा, “वैश्विक आतंकवाद के इस युग में जब भारत इससे सर्वाधिक पीड़ित है, कांग्रेस ने अत्यंत निम्न दर्जे की राजनीति की और अपने राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता किया।”

त्रिवेदी ने चिदंबरम पर आरोप लगाया कि उन्होंने उन लोगों को सूचना लीक की, जो तत्कालील संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के हिस्सा नहीं थे। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के कई नेताओं और मंत्रियों ने कहा था कि उनके पास भगवा आतंकवाद के बारे में कुछ जानकारियां हैं। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि तत्कालीन सरकार में शामिल नहीं रहे लोग आखिर खुफिया अधिकारियों या जांच एजेंसियों के साथ संपर्क में कैसे थे।”

उन्होंने कहा, “चिदंबरम को बताना चाहिए कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी को कितनी जानकारियां उपलब्ध कराई गईं, जब जांच एजेंसियों ने इशरत जहां मामले में अचानक रुख बदल दिया।”

त्रिवेदी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश की शिक्षा प्रणाली को सांप्रदायिक बना दिया, और इसके अलावा उसने सांप्रदायिक आधार पर बैंक ऋण वितरित किए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493