कार्ति ने शिवगंगा से नामांकन दाखिल किया

चेन्नई, 25 मार्च (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री पी. चिदंबरम के बेटे व कांग्रेस नेता कार्ति पी. चिदंबरम ने सोमवार को तमिलनाडु की शिवगंगा लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ई.एम. सुदर्शन नचियप्पन के कार्ति चिदंबरम की उम्मीदवारी का विरोध किए जाने के बाद प्रदेश की राज्य इकाई के नेता कार्ति के समर्थन में खड़े हो गए। नचियप्पन ने भी शिवगंगा से चुनाव लड़ने की मंशा जताई थी।

यहां संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. एस. अलागिरी ने कहा कि कोई यह बात नहीं कह सकता कि कार्ति चिदंबरम को किसी दबाव में नामांकित किया गया है, क्योंकि पार्टी नेतृत्व पर दबाव नहीं बनाया जा सकता।

उन्होंने कहा कि पार्टी के फैसले से नाखुश लोग सभ्य तरीके से अपने विचार रख सकते हैं और पार्टी आलाकमान तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं।

सीट के लिए नामांकित नहीं किए जाने से नाखुश नचियप्पन ने संवाददाताओं से कहा कि लोग चिदंबरम को पसंद नहीं करते, क्योंकि उन्होंने शिवगंगा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुछ भी नहीं किया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब से उन्होंने पी. चिदंबरम को 1999 लोकसभा चुनाव में हराया, उसके बाद से चिदंबरम ने पार्टी में कोई भी पद नचियप्पन को दिए जाने के रास्ते में रोड़ा अटकाया।

1999 चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार नचियप्पन ने तमिल मनिला कांग्रेस के उम्मीदवार पी. चिदंबरम को हराया था।

हालांकि पी. चिदंबरम ने 2004 और 2009 में बतौर कांग्रेस उम्मीदवार शिवगंगा सीट पर जीत हासिल की थी।

2014 लोकसभा चुनाव में कार्ति चिदंबरम को अन्नाद्रमुक के पी.आर. सेंथिलनाथन के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

इसबीच, दिल्ली की एक विशेष अदालत ने सोमवार को एयरसेल-मैक्सिस सौदे के मामले में पिता-पुत्र चिदंबरम की गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा 26 अप्रैल तक बढ़ा दी।

एक महीने के भीतर यह तीसरी दफा है, जब अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493