कान्स, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। गायिका वैनेसा पैराडिस और अभिनेत्री किर्स्टन डंस्ट को 69वें कान्स फिल्म उत्सव के निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है।
वेबसाइट ‘डेडलाइन डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, वैनेसा फिल्म जगत की आठ अन्य गणमान्य हस्तियों के साथ निर्णायकमंडल की सदस्य बनने जा रही हैं। निर्णायकमंडल की अगुवाई ‘मैड मैक्स : फ्यूरी रोड’ फिल्म के निर्देशक व कान्स अध्यक्ष जॉर्ज मिलर करेंगे। ये लोग यहां मई में आयोजित होने वाले कान्स फिल्मोत्सव में फैसला लेंगे कि पाल्म डी’ओर पुरस्कार कौन जीतेगा।
फिल्मोत्सव के प्रवक्ता ने कहा, “कान्स ने हमेशा एक वैश्विक व अंतर्राष्ट्रीय नजरिया अपनाया है और जॉर्ज मिलर इस परंपरा अनुरूप ही वैश्विक सिनेमा की आठ दिग्गज हस्तियों के साथ नजर आएंगे।”
निर्णायकमंडल में फ्रांसीसी निर्देशक-लेखक आर्नाड डेसप्लेचिन, हंगरी के फिल्म निर्देशक व पटकथा लेखक लज्लो नेमेस, इतालवी अभिनेत्री व निर्देशक वेलेरिया गोलिनो, डेनमार्क के अभिनेता मैड्स मिककेल्सन, फिल्म निर्माता कतायूं शाहबी व कनाडा के अभिनेता डोनाल्ड सदरलैंड शामिल हैं।
कान्स फिल्मोत्सव में प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए 21 फिल्मों में कांटे की टक्कर होगी और पुरस्कार फिल्मोत्सव के समापन समारोह में दिए जाएंगे।
69वें कान्स फिल्मोत्सव का आगाज 11 मई और समापन 22 मई को होगा।
dharmpath.com dharmpath