कांग्रेस सरकार के काल में एमटीएनएल, बीएसएनएल घाटे में : मंत्री

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने बुधवार को पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर सरकारी कंपनी बीएसएनएल और एमटीएनएल के घाटे की आड़ में हमला किया।

मंत्री ने कहा कि इस विषय पर सदन में विस्तार से बहस हो सकती है।

प्रसाद ने प्रश्नकाल में लोकसभा में कहा, “मुझे इस विषय में काफी कुछ सुनना है। मेरे पास कहने के लिए भी काफी कुछ है।” उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मई 2014 में सत्ता संभालने के वक्त तक दोनों कंपनियों को 10 हजार करोड़ रुपये तक का घाटा हो चुका था।

उन्होंने कहा कि 2004 में जब कांग्रेस नीत संप्रग सत्ता में आई थी, तब बीएसएनएल 10,183 करोड़ रुपये और एमटीएनएल 900 करोड़ रुपये के लाभ में थी।

मंत्री ने कहा कि 10 साल में स्थिति बदल गई।

उन्होंने कहा, “2014 में हमारे सत्ता में आने के समय बीएसएनएल 8,000 करोड़ रुपये और एमटीएनएल 2,000 करोड़ रुपये घाटे में थी। हम इस विषय पर सदन में बहस के लिए तैयार हैं।”

प्रसाद ने कहा कि दोनों ही कंपनियां अपनी स्थिति ठीक करने के लिए सर्वोत्तम कोशिश कर रही हैं।

मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन कंपनियों को पटरी पर लाने का निर्देश दिया है।”

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की कोशिशों के कारण बीएसएनएल की आय 2014-15 में बढ़कर 27,242 करोड़ रुपये रही, जो 2013-14 में 26,153 करोड़ रुपये थी।

एमटीएनएल के बारे में प्रसाद ने कहा कि इसकी आय 31 दिसंबर 2015 को समाप्त हुई तिमाही में 865.52 करोड़ रुपये रही, जो एक तिमाही पहले की तुलना में 25.08 करोड़ रुपये अधिक है।

कांग्रेस सदस्य के.सी. वेणुगोपाल ने हालांकि कहा कि दोनों को मुख्यत: खराब सेवाओं और कॉल ड्रॉप की समस्या के कारण नुकसान हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493