भोपाल, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा कला के क्षेत्र में दिया जाने वाले राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से पटकथा लेखक रूमी जाफरी और गीतकार योगेश को सम्मानित किया जाएगा। यह आधिकारिक घोषणा सोमवार को की गई।
आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, संस्कृति विभाग द्वारा निर्देशन, अभिनय, पटकथा एवं गीत लेखन के क्षेत्र में हर साल किशोर कुमार सम्मान दिया जाता है। वर्ष 2015 के लिए पटकथा लेखक रूमी जाफरी और वर्ष 2016 के लिए गीतकार योगेश को सम्मानित किया जाएगा। इस बार सम्मान समारोह 13 अक्टूबर को खंडवा के पुलिस ग्राउंड में होगा।
रूमी व योगेश को दो लाख रुपये, सम्मान-पट्टिका, शॉल व श्रीफल भेंट किए जाएंगे।
रूमी जाफरी विगत तीन दशक से सक्रिय लेखक हैं। उन्होंने व्यावसायिक रूप से सर्वाधिक सफल फिल्मों का लेखन किया है, जिसमें श्रीमान आशिक, वक्त हमारा है, अंजाम, कुली नंबर वन, साजन चले ससुराल, जुड़वा, हीरो नंबर वन, मिस्टर और मिसेज खिलाड़ी, बड़े मियां-छोटे मियां, आ अब लौट चलें और गोलमाल रिटर्न शामिल हैं।
गीतकार की श्रेणी में सम्मानित होने वाले योगेश ने पांच दशक से अपने गीतों के माध्यम से हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बासु चटर्जी और ऋषिकेश मुखर्जी जैसे फिल्मकारों की फिल्मों के लिए गीत लिखे हैं। उनके द्वारा फिल्म मिली, छोटी सी बात, आनंद, मंजिलें और भी हैं, बातों-बातों में, रजनीगंधा व मंजिल के गीत काफी लोकप्रिय हुए।
dharmpath.com dharmpath