भोपाल, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘मुख्यमंत्री ग्राम नल-जल योजना’ में प्रस्तावित सभी 1650 नल-जल योजनाएं आगामी फरवरी तक पूंरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ प्रदेश के हर गांव में और हर घर में बिजली उपलब्ध कराने को कहा।
मुख्यमंत्री चौहान ने यहां सोमवार को प्रगति ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बड़ी परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा, “प्रस्तावित सभी नल-जल योजनाओं के लिए पेयजल स्रोत विकसित करने का काम आगामी जनवरी माह तक पूरा कर लिया जाए। प्रदेश के सभी घरों में बिजली पहुंचाने के लिए युद्ध-स्तर पर काम करें।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीब हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने का कार्य प्राथमिकता से करें। बड़ी सड़क परियोजनाओं में शामिल सिवनी-कटंगी सड़क का निर्माण समय-सीमा में पूरा किया जाए। रतलाम के चिकित्सा महाविद्यालय को आगामी 2018 सत्र से शुरू करने के प्रयास किए जाएं, प्रदेश में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण आगामी मार्च, 2018 तक पूरा किया जाए।”
इस मौके पर बताया गया कि प्रदेश के 2379 ग्रामों के लिए 1650 ग्राम नलजल योजनाएं प्रथम चरण में बनाई जाएंगी। प्रदेश में दस एकलव्य आवासीय विद्यालयों के भवन निर्माणाधीन हैं। वर्तमान में 23 जिलों में 35 एकलव्य आवासीय विद्यालय भवन हैं। दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना में प्रदेश में 23 सब-स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्य सचिव बी़ पी़ सिंह भी उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath