लखनऊ /चंदौली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बेमौसम बरसात व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की मदद के लिए केंद्र की सरकार राज्य सरकार के साथ कंधे-से कंधा मिलाकर चलने के लिए तैयार है।
राजनाथ ने कहा, “हमें राज्य सरकार के साथ मिलकर किसान की मदद करने में कोई ऐतराज नहीं है। देश के प्रधानमंत्री सामूहिकता में भरोसा रखते हैं। केंद्र तो देश के किसानों के दुख-दर्द बांट ही रही है, अगर राज्य सरकार भी इसमें पूरा सहयोग करे तो बेहतर होगा।”
राजनाथ सिंह ने रविवार को चंदौली में किसानों के नुकसान का जायजा लेने के साथ ही किसान महापंचायत को भी संबोधित किया। महापंचायत में किसानों ने अपनी समस्याएं सुनाई। गृह मंत्री ने भी उनकी बातें सुनी और उन्हें भरोसा दिया कि अन्याय नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या समाधान के लिए केंद्र तो उप्र सरकार से कंधे से कंधा मिलाकर मदद को तैयार है। सरकार का खजाना कुबेर का होता है। अगर कोई पैसा का रोना रोता है तो वह बहाना करता है।
राजनाथ ने कहा कि वैसे केंद्र ने उप्र सरकार को प्राकृतिक आपदा का 506 करोड़ रुपये जारी कर दिया है। यह राशि जून में दी जाती है। गृहमंत्री ने टिकरी गांव में जाकर दो तीन खेतों की फसल का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने तय किया है कि मंत्री तथा सांसद फसल नुकसान देखने स्वयं गांव-गांव जाएंगे। रिपोर्ट देंगे। इतना ही नहीं नियम बदल कर 33 फीसद बर्बाद फसल पर भी डेढ़ गुना मुआवजा देने की बात है।
dharmpath.com dharmpath