नागपुर, 23 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार ने किसानों की आत्महत्या पर रोक लगाने तथा कृषि सुधार की अनुशंसा के लिए गठित समिति के अध्यक्ष पद पर किसानों के हित के लिए काम करने वाले एक प्रतिष्ठित कार्यकर्ता को नियुक्त करने का फैसला किया है।
समिति का संभावित नाम ‘फामर्स डिस्ट्रेस मैनेजमेंट टास्क फोर्स’ होगा, जिसकी अध्यक्षता विदर्भ जन आंदोलन समिति के अध्यक्ष किशोर तिवारी करेंगे, जो कृषि संकट मुद्दे पर 15 साल से काम करते रहे हैं।
तिवारी ने आईएएनएस को बताया, “मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने मुझे बुलाया और सरकार के फैसले से अवगत कराया।”
इस आंदोलन से लंबे वक्त से जुड़े हुए तिवारी (56) की योजना कृषि संकट तथा किसानों की आत्महत्या से सबसे अधिक प्रभावित 14 जिलों में खाद्य, स्वास्थ्य तथा वित्तीय सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।
तिवारी ने कहा, “पिछले एक दशक से केंद्र तथा राज्य की विशेषज्ञ समिति की कई रिपोर्टो पर या तो ध्यान नहीं दिया गया या गलत तरीके से उसे लागू किया गया। मैं इनका अध्ययन करूंगा और सरकार को इसे लागू करने तथा किसानों की आत्महत्या रोकने के उपाय सुझाउंगा।”
उन्होंने कहा कि फड़नवीस ने उन्हें यह भरोसा दिलाया है कि प्रस्तावित समिति की अनुशंसा को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाएगा।
तिवारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता रहे हैं, लेकिन किसानों की दशा देख कर वह किसानों के मुद्दों से जुड़ गए।
dharmpath.com dharmpath