किसी भी चुनौती के लिए तैयार : वायुसेना प्रमुख (राउंडअप)

हिंडन वायुसेना केंद्र (गाजियाबाद), 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरुप राहा ने शनिवार को कहा कि वायुसेना किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा कि सर्जिकल कार्रवाई पर देश में भले ही काफी हो-हल्ला हो रहा है, लेकिन सेना इस पर कोई बात नहीं करेगी।

हिंडन वायुसेना केंद्र (गाजियाबाद), 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरुप राहा ने शनिवार को कहा कि वायुसेना किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा कि सर्जिकल कार्रवाई पर देश में भले ही काफी हो-हल्ला हो रहा है, लेकिन सेना इस पर कोई बात नहीं करेगी।

84वें वायुसेना दिवस के मौके पर हिंडन वायुसेना अड्डे पर एयर चीफ मार्शल ने कहा, “देश में इस मुद्दे पर काफी हो-हल्ला हो रहा है। इस मुद्दे पर समाज का हर तबका अपनी राय व्यक्त कर रहा है। सशस्त्र सेना से अपेक्षा की जाती है कि वह वही परिणाम दे, जो देश मांगता है। हम इस पर कोई बात नहीं करने जा रहे हैं। हम बस करके दिखाएंगे।”

राहा चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष हैं।

सर्जिकल कार्रवाई तथा इसके राजनीतिकरण पर एक सवाल का जवाब देते हुए राहा ने नियंत्रण रेखा के पार 28 सितंबर की रात सेना की कार्रवाई तथा इससे संबंधित मुद्दों पर जवाब देने से इंकार कर दिया।

जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में सेना के ब्रिगेड मुख्यालय पर 18 सितंबर को आतंकवादी हमले के बाद सेना ने सर्जिकल कार्रवाई को अंजाम दिया था। आतंकवादियों के हमले में 19 भारतीय जवान शहीद हो गए थे।

इससे पहले वायुसेना दिवस कार्यक्रम के मौके पर अपने भाषण में राहा ने पंजाब के पठानकोट तथा जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी हमले का जिक्र किया।

राहा ने कहा, “उड़ी तथा पठानकोट में आतंकवादी हमला हमारे खराब समय को दर्शाता है, जिसे हम झेल रहे हैं।”

मुद्दे पर बाद में टिप्पणी करते हुए वायुसेना प्रमुख ने कहा कि जो कुछ भी हो रहा है, भारत ने उससे सबक लिया है।

उन्होंने कहा, “हम लगातार बेहतर और बेहतर हो रहे हैं। जब भी कुछ हो रहा है, हम उससे सीख ले रहे हैं। मुझे लगता है कि किसी भी आकस्मिक हरकत का जवाब देने के लिए अब हम पूरी तरह तैयार हैं।”

वायुसेना प्रमुख ने कहा, “सशस्त्र बल किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार है। कोई आतंकवादी लोगों को निशाना बनाना चाहेगा, जबकि हमारा उद्देश्य इसे रोकना होगा। शुरुआत में ही ऐसे किसी भी हमले को रोकने की हममें क्षमता होनी चाहिए। इससे पहले कि वे नुकसान पहुंचाएं हम आतंकवादियों को मार गिरा सकें।”

अपने भाषण में राहा ने कहा कि भारत को हिंद महासागर क्षेत्र में ‘नेट सिक्योरिटी प्रोवाइडर’ के तौर पर देखा जा रहा है।

राहा ने शनिवार सुबह वायुसेना के आधिकारिक फेसबुक पृष्ठ पर कहा कि भारतीय वायुसेना किसी भी चुनौती से बेहद जोरदार तरीके से निपटने के लिए तैयार है। फेसबुक पर भारतीय वायुसेना का नया खाता खोला गया है।

राहा ने कहा, “हम किसी भी खतरे से निपटने और किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।”

फेसबुक पृष्ठ पर वायुसेना का खाता ‘इंडियन एयर फोर्स, पॉवर टू पनिश’ के नाम से खोला गया है।

यह पूछे जाने पर कि नाम ही संकेत देता है, राहा ने कहा, “हमारे फेसबुक पृष्ठ पर लिखा गया है, पॉवर टू पनिश। यह तथ्य है। लेकिन मैं सोचता हूं कि हम इस ताकत का इस्तेमाल देश की सेवा के लिए करेंगे।”

कार्यक्रम में एक युद्ध सेवा मेडल, पांच वायुसेना मेडल गैलेंट्री, 16 वायुसेना मेडल तथा 29 विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किए गए।

हिंडन वायुसेना अड्डे पर रंगारंग फ्लाईपास्ट किया गया तथा स्वदेश निर्मित हलके लड़ाकू विमान तेजस सहित वायुसेना के प्रमुख विमानों का प्रदर्शन किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493