पटना, 23 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुशील कुमार मोदी ने सांसद कीर्ति आजाद को पार्टी से निलंबित किए जाने का स्वागत किया है, जबकि सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) ने आजाद के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं।
सुशील मोदी ने बुधवार को ट्वीट किया, “कीर्ति आजाद के निलंबन का बिहार भाजपा स्वागत करती है।”
इधर, आजाद के निलंबन पर जद (यू) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि भ्रष्टाचार और भाजपा से लड़ने वालों के लिए जद (यू) के दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने कहा कि आजाद अगर जद (यू) में आना चाहेंगे तो उनका स्वागत है।
गौरतलब है कि सुशील मोदी ने मंगलवार को कीर्ति आजाद सहित पार्टी के कई सांसदों के खिलाफ कारवाई करने की मांग की थी।
सुशील मोदी ने मंगलवार को ट्वीट किया था, “विपक्ष के हाथों में खेलने वाले कीर्ति आजाद और अन्य भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की जानी चाहिए। बिहार भाजपा केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ खड़ी है।”
उल्लेखनीय है कि दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर कीर्ति आजाद और केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली आमने-सामने आ गए हैं। रविवार को प्रेस वार्ता में आजाद ने दावा किया था कि जेटली के अध्यक्ष रहते डीडीसीए में वित्तीय गड़बड़ियां हुई थीं।
गौरतलब है कि क्रिकेट खिलाड़ी रहे कीर्ति आजाद बिहार के दरभंगा संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं, जिन्हें बुधवार को भाजपा ने पार्टी से निलंबित कर दिया।
dharmpath.com dharmpath