कुल्लू में फिर से लगी भगवान रघुनाथ की प्रतिमा

कुल्लू (हिप्र), 24 जनवरी (आईएएनएस)। कुल्लू में भगवान रघुनाथ की चोरी गई प्रतिमा ढूंढे जाने के बाद शनिवार को इसे पूरे धूमधाम से रघुनाथ मंदिर में स्थापित किया गया।

भगवान राम को समर्पित श्रद्धेय रघुनाथ की प्रतिमा पिछले साल नौ दिसंबर को चोरी हो गई थी, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को ढूंढ निकाला।

चोरों ने छत के रास्ते मंदिर के अंदर प्रवेश कर अष्टधातु से निर्मित भगवान रघुनाथ एवं हनुमान सहित सोने के आवरण वाली पत्थर की नरसिंह शिला, चांदी की गणेश प्रतिमा और एक जोड़ी चरण पादुका की चोरी की थी।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने संवाददाताओं को बताया कि चोरी हुई प्रतिमाओं को नेपाल से गिरफ्तार एक संदिग्ध द्वारा दी गई जानकारियों के आधार पर ढूंढा गया।

राजधानी शिमला से 200 किलोमीटर दूर सुल्तानपुर में हजारों भक्त शनिवार को भगवान रघुनाथ मंदिर पर भगवान को गुलाल चढ़ाने के लिए जमा हुए। भगवान रघुनाथ कुल्लू घाटी के प्रमुख देवता हैं।

भगवान रघुनाथ की प्रतिमा की पुनस्र्थापना के साथ ही कुल्लू में होली का त्योहार शुरू हो गया। यहां होली अलग तरीके से मनाई जाती है। यहां की होली वसंत पंचमी के दिन से ही शुरू हो जाती है और अन्य स्थानों पर होली मनाए जाने के साथ संपन्न होती है।

भगवान रघुनाथ की प्रतिमा के प्रमुख महेश्वर सिंह ने आईएएनएस को बताया, “भगवान रघुनाथ की प्रतिमा का शुद्धिकरण किए जाने के बाद उसे फिर से स्थापित किया गया।”

प्रतिमा स्थापित किए जाने के बाद भक्तों ने गाजे-बाजों के साथ गुलाल उड़ाते हुए त्योहार की शुरुआत की। वसंत पंचमी की शुरुआत से लेकर होली के दिन तक भगवान रघुनाथ की प्रतिमा को रंग और गुलाल से नहलाया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493