कुशवाहा को राजग का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मांग

पटना, 15 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल राष्ट्रीय लोकतांत्रिक समता पार्टी (रालोसपा) ने केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा को बिहार विधानसभा चुनाव में राजग का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मांग की है।

रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार में जहानाबाद से सांसद अरुण कुमार ने सोमवार का यहां कहा कि कुशवाहा मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे सक्षम और योग्य उम्म्ीदवार हैं। बिहार की जनता कुशवाहा जाति से आने वाले किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। रालोसपा के रविवार को हुए अल्पसंख्यक सम्मेलन में भी केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री कुशवाहा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने को लेकर ‘दिल्ली में नरेन्द्र, बिहार में उपेन्द्र’ का नारा गूंजा था।

गौरतलब है कि राजग में शामिल एक अन्य दल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने पिछले सप्ताह कहा था कि राजग में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी है और भाजपा मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर जो भी निर्णय लेगी, लोजपा उसका समर्थन करेगी।

उल्लेखनीय है कि हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने रविवार को पटना में घोषणा की कि वह मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं।

बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनता परिवार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493