केंद सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा : योगी

लखनऊ /गोरखपुर, 26 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार के तीन साल के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के एक भी आरोप नहीं लगा। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष में उन्होंने जितना कार्य किया, आजादी के बाद से अब किसी सरकार ने नहीं किया।

मुख्यमंत्री केंद्र सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर महाराणा प्रताप इंटर कालेज में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यहां मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

योगी ने कहा, “पीएम मोदी ने गांव, गरीब, किसान, खोमचे-ठेलेवालों के विकास तथा उनका जीवन स्तर ऊपर उठाने के लिए बहुत काम किया है। कोई भी सरकार गरीबों के लिए इतनी योजनाएं लेकर नहीं आई, जितनी मोदी सरकार में आई है। किसानों के लिए बीमा योजना और सिंचाई योजना लागू की है। सबसे बड़ी बात यह है कि अभी तक मोदी सरकार में किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है।”

उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि मोदी सरकार के तीन साल के कामकाज की जांच किस एजेंसी से कराई गई, लोकपाल ने जांच की या केंद्रीय सतर्कता आयोग ने या एसएजी ने, और किसने क्लीनचिट दे दी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आजादी के बाद पहली बार देश में ऐसा लगा कि जनता की सरकार है। यूपी के गांव-गांव को पक्की सड़कों से जोड़ेंगे। हम देश के विकास में कीर्तिमान स्थापित करेंगे।”

मुख्यमंत्री योगी ने केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी, साथ ही कहा कि इतना अच्छा काम हुआ है कि विपक्षी पार्टियां भी कोई आरोप नहीं लगा सकती।

योगी ने कहा, “जनता भी हमसे और हमारे काम से खुश हैं। पहली बार जनता को ऐसा लग रहा है कि जनता की सरकार है। इससे जनता काफी खुश है। देश के अंदर किसी से भेदभाव नहीं किया गया।”

उन्होंने कहा, “डिजिटल इंडिया से देशवासियों को हो फायदा हो रहा है। गंगा सफाई में पीएम नरेंद्र मोदी का अहम योगदान है। मोदी जी के नेतृत्व में देश महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। जनधन योजना का लोगों को भरपूर लाभ मिल रहा है। हम युवाओं को भी फायदा पहुंचा रहे हैं।”

इधर, लखनऊ में केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कहा कि केंद्र में सरकार बनने के बाद गरीब और किसानों के लिए कई योजनाएं केंद्र सरकार की ओर से बनाई गईं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना तथा वन रैंक वन पेंशन सहित कई ऐसी योजनाएं हैं, जिससे गरीबों, किसानों और जवानों को लाभ मिला है।

केशव ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही दुनियाभर में भारत का सम्मान बढ़ा है। पाकिस्तान के खिलाफ हुई सर्जिकल स्टाइक से भी देश का नाम दुनियाभर में हुआ।

उप्र के प्रदेश अध्यक्ष केशव ने यह भी दावा किया कि वर्ष 2014 से भी बड़ी ऐतिहासिक जीत उप्र में भाजपा को 2019 में मिलेगी। सपा और बसपा ने विवाद की राजनीति शुरू कर दी है। सरकार विकास की राजनीति का संकल्प लेकर सत्ता में आई है और विपक्षी उस संकल्प से योगी सरकार को डिगा नहीं सकते।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493