केजरीवाल, आप नेताओं ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका (लीड-1)

अमृतसर, 18 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार सुबह अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर का दौरा किया और सामुदायिक रसोईघर में बर्तन धोकर क्षमायाचना की।

इस दौरान केजरीवाल के साथ आशीष खेतान, वकील एच, एस.फुलका, आप सासंद भगवंत मान और साधू सिंह, अभिनेत्री गुल पनाग, गुरप्रीत घुग्गी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी थे।

केजरीवाल ने आप के ‘युवा घोषणा-पत्र’ के मुखपृष्ठ पर स्वर्ण मंदिर के साथ झाड़ू की तस्वीर लगाने से उपजे विवाद के बाद यहां का दौरा किया है।

केजरीवाल ने गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद संवाददाताओं को बताया, “पार्टी का युवा घोषणापत्र जारी करने के दौरान हमसे अनजाने में कुछ गलतियां हुईं। इसकी क्षमायाचना के लिए हमने दरबार में सेवा की है।”

केजरीवाल ने रूमाल से सिर ढका हुआ था। उन्होंने हाथ जोड़कर गुरुद्वारा परिसर की परिक्रमा की बाद में ‘लंगर’ सभागार में बर्तन धोए।

आप और केजरीवाल को सिख समुदाय, पंजाब की सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) और सिख संगठनों से आलोचना का सामना करना पड़ा था। आप के खिलाफ प्रदर्शन भी किए गए थे।

केजरीवाल का 15 दिनों के भीतर स्वर्ण मंदिर का यह दूसरा दौरा है। उन्होंने तीन जुलाई को तीन दिवसीय पंजाब दौरा शुरू किया था और स्वर्ण मंदिर के दर्शन किए थे। इसके तुरंत बाद ही केजरीवाल ने पार्टी का विवादास्पद युवा घोषणा-पत्र जारी किया था।

आप नेता आशीष खेतान पर भी घोषणा-पत्र की तुलना गुरु ग्रंथ साहिब, बाइबिल और गीता से किए जाने के कारण सिखों की धार्मिक भावनाएं आहत करने को लेकर पंजाब पुलिस ने मामला दर्ज किया था। हालांकि इस सिलसिले में खेतान और आप ने माफी भी मांगी थी, लेकिन अकाली दल, विपक्षी कांग्रेस पार्टी और एसजीपीसी ने इसे नकार दिया।

पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आप नेताओं पर सिखों की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया था।

प्रकाश सिंह बादल ने कहा था कि आप के युवा घोषणा-पत्र के मुखपृष्ठ पर झाडू के साथ स्वर्ण मंदिर की तस्वीर लगाना ‘ईशनिंदा’ की तरह है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493