नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किए गए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार को पांच दिन के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में भेज दिया।
राजेंद्र कुमार पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक कंपनी को 9.5 करोड़ रुपये का ठेका देने का आरोप है।
सीबीआई के विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार ने सीबीआई को राजेंद्र कुमार के साथ गिरफ्तार किए गए वैट विभाग के सहायक निदेशक तरुण शर्मा, एंडेवर सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों संदीप कुमार और दिनेश कुमार गुप्ता और एक अन्य व्यक्ति अशोक कुमार से 10 जुलाई तक पूछताछ करने की इजाजत दे दी।
सीबीआई ने सोमवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पैसों के हेर-फेर के बारे में पूछताछ और उनके एक-दूसरे के सामने बयान लेने के लिए 10 दिन की हिरासत मांगी थी।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने 14 दिसंबर, 2015 को 1989 बैच के आईएएस अधिकारी राजेंद्र कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
dharmpath.com dharmpath