Monday , 6 May 2024

Home » भारत » केजरीवाल ने वेतन हेतु नगर निगमों को 551 करोड़ रुपये ऋण दिए

केजरीवाल ने वेतन हेतु नगर निगमों को 551 करोड़ रुपये ऋण दिए

नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए 551 करोड़ रुपये का ऋण देने की बुधवार को घोषणा की। मुख्यमंत्री ने निगमकर्मियों से हड़ताल खत्म करने का आग्रह भी किया।

दक्षिण दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारी वेतन भुगतान नहीं होने की वजह से बीते आठ दिनों से आंदोलनरत हैं। उनके निशाने पर दिल्ली सरकार और केंद्र की सरकार है।

बेंगलुरू में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में इलाज करा रहे केजरीवाल ने कहा, “हम उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम को कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए 551 करोड़ रुपये ऋण दे रहे हैं।”

उत्तरी दिल्ली नगर निगम को स्टांप ड्यूटी बिल के एवज में 142 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।

केजरीवाल ने ऋण की घोषणा के फौरन बाद कहा, “हमें 550 करोड़ रुपये ऋण के लिए निकालने में बहुत मुश्किल हुई है। दिल्ली सरकार 3000 करोड़ रुपये के वैट की कमी का सामना कर रही है।”

उन्होंने ट्वीट किया, “हमने इस धनराशि का इंतजाम करने के लिए अपने कुछ मौजूदा कामों को अगले साल के लिए टाल दिया है।”

वेतन न मिलने के खिलाफ निगमकर्मियों की हड़ताल बुधवार को आठवें दिन भी जारी रही। हजारों कर्मचारियों ने यातायात रोक दिया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सफाईकर्मियों ने राष्ट्रीय राजमार्गो और पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग पर जाम लगाया।

निगम के स्कूलों और अस्पतालों में भी कामकाज प्रभावित हुआ है। डॉक्टर, नर्स, शिक्षक और स्कूल कर्मी भी प्रदर्शनों में हिस्सा ले रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर कूड़ा फैला दिया है। कई जगहों पर टायर जलाए गए। कई दिनों से कूड़ा पड़े होने की वजह से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में हालात बदतर बने हुए हैं।

केजरीवाल ने वेतन हेतु नगर निगमों को 551 करोड़ रुपये ऋण दिए Reviewed by on . नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए 551 करोड़ रुपये का ऋण नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए 551 करोड़ रुपये का ऋण Rating:
scroll to top