केजरीवाल ने सुखबीर बादल के विकास के दावे की धज्जियां उड़ाईं

चंडीगढ़, 26 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के विकास के दावे की धज्जियां उड़ाते हुए कहा कि यह ‘शर्मनाक’ है कि राज्य के कई इलाकों में पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है।

केजरीवाल ने पंजाब के फाजिल्का जिले के तेजा रुहेला गांव में कहा, “यह शर्मनाक है कि जीवन की मूलभूत जरूरत, पीने का पानी भी यहां उपलब्ध नहीं है। “

आम आदमी पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल इस गांव में राज्य के विकास के दावों की पड़ताल करने आए थे। उन्होंने पाया कि इलाके के कई गांवों में पीने का साफ पानी तक उपलब्ध नहीं है। इससे इन क्षेत्रों में रहने वाले ज्यादातर परिवार दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की चपेट में हैं।

केजरीवाल गुरुवार से पंजाब का दौरा कर रहे हैं। वह 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की पांच दिन की राजनीतिक यात्रा पर हैं।

आप के प्रवक्ता ने दावा किया कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले तेजा रुहेला गांव में दूषित पानी के कारण कई बच्चों की आंखें खराब हो गई है। यह गांव भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित है।

केजरीवाल ने कहा, “अगर राज्य सरकार साफ पानी भी मुहैया नहीं करा सकती तो उसे शासन में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”

उन्होंने कहा, “मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि अगर आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है तो एक महीने के अंदर इन सभी गांवों में शुद्ध पानी की व्यवस्था की जाएगी।”

केजलीवाल ने कहा, “मैंने अपने समूचे जीवन में ऐसी बुरी स्थिति नहीं देखी। क्या यही विकास है जिसका दावा उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल करते हैं।”

इससे पहले गुरुवार को केजरीवाल ने कृषि प्रधान राज्य में किसानों की आत्महत्या के बढ़ते मामलों पर पंजाब सरकार पर निशाना साधा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493