कोच्चि, 27 फरवरी (आईएएनएस)। केरल की एक अभिनेत्री को अगवा करने के मामले में यहां की अदालत ने सोमवार को चार अन्य आरोपियों को भी पुलिस हिरासत में भेज दिया। दो आरोपी पहले से पुलिस हिरासत में हैं।
मुख्य आरोपी पल्सर सुनील तथा विजेश पहले से ही पुलिस की हिरास में हैं और जांच के तहत दोनों को उन जगहों पर ले जाया जा रहा है, जहां 17 फरवरी को वारदात को अंजाम देने के बाद वे ठहरे थे।
पहली बार पुलिस को सभी छह आरोपियों की हिरासत मिली है। पुलिस को मामले के खुलासे के लिए तीन मार्च तक का समय दिया गया है, जिसमें इस बात का पता लगाना है कि अभिनेत्री के अपहरण के पीछे कोई साजिश तो नहीं है, जैसा कि विपक्षी पार्टियों कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है।
गिरफ्तार चारों आरोपियों ने अदालत से कहा है कि उन्हें सुनील ने बुलाया था और क्या करना है, इस बारे में पहले कुछ नहीं बताया था।
पल्सर सुनील कोयंबटूर में जहां ठहरा था, वहां से पुलिस ने एक पेन ड्राइव तथा एक टैबलेट बरामद किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस सोमवार को सुनील तथा विजेश को इडुक्की जिले में वागामोन हिल स्टेशन ले गई, जहां फरार रहने के दौरान दोनों छिपे हुए थे।
हिल स्टेशन स्थित एक रेस्तरां के मालिक ने सुनील की पहचान की और बताया कि वह पिछले सप्ताह उसके होटल में आया था।
रेस्तरां के मालिक ने कहा, “मैंने उसे पहले भी यहां देखा है, जब वह फिल्म क्रू के साथ होटल में आया था।”
dharmpath.com dharmpath