यूपी का हाथी पत्ता नहीं, नोट निगल गया : राजनाथ

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि मुलायम ने ‘साइकिल’ को पंक्चर कर दिया है, सपा की हालत पतली हो गई है। कांग्रेस का हाथ थामने से वह पूरी तरह गर्त में चली गई है।

देश के गृहमंत्री ने कहा, “यूपी में कानून-व्यवस्था का राज खत्म है। समाजवादी सरकार का काम नहीं, बलात्कार बोलता है।”

उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियों के साथ सर्जिकल स्ट्राइक का भी बखान किया। उन्होंने कहा, “हमने मजबूरी में सर्जिकल स्ट्राइक किया। 16 साल बाद सफेद झंडा दिखाया गया, जब पाकिस्तान नहीं माना तो उसके घर में घुसकर हमारे जवानों ने आतंकियों का सफाया किया।”

राजनाथ के निशाने पर सपा, बसपा और कांग्रेस रहीं। बसपा पर प्रहार करते हुए उनहोंने कहा, “मायावती का हाथी पैसा खाता है। वह पीपल का पत्ता खाने के बजाय सारा नोट खा गया।”

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस की खटिया चार माह पहले ही खड़ी हो गई थी। हिंदुस्तान के राजनीतिक इतिहास में यह पहली घटना है जब किसी ने खाट सम्मेलन किया। कांग्रेस उसी तरह खटिया पर लेट गई है।

उन्होंने कहा, “यहां गुंडाराज कायम है। भाजपा की सरकार बनी तो सभी गुंडे अपने मांद में चले जाएंगे। सपा भ्रष्टाचार में आकंठ में डूबी है। मंत्री बलात्कार करता है और सरकार में बना रहता है। विकास की पहली शर्त कानून व्यवस्था होती है जो यहां नहीं है।”

राजनाथ ने अपने प्रदेश के बारे में कहा, “यूपी में बिजली नहीं आती है, बिल जरूर आता है। लोगों को मच्छर काटते हैं और वे लालटेन युग में जी रहे हैं लेकिन सीएम बोलते हैं कि यूपी को 24 घंटे बिजली मिलती है।”

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बनी तो तीन महीने में किसानों के सभी कर्ज माफ हो जाएंगे और बगैर ब्याज के कर्ज दिया जाएगा। लड़कियों और लड़कों को मुफ्त में शिक्षा दी जाएगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493