तरुवनंतपुरम, 27 जून (आईएएनएस)। केरल में अरुविकरा विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के तहत शनिवार को कराए ज रहे मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग बड़ी संख्या में मतदान के लिए घरों से बाहर निकले हैं।
यहां मतदान शनिवार सुबह सात बजे शुरू हुआ। तभी से मतदाताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्रों पर देखी जा रही हैं। शुरुआती तीन घंटों में 21 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
केरल में सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेता व विधानसभा अध्यक्ष जी. कार्तिकेयन के मार्च महीने में निधन के बाद अरुविकरा सीट रिक्त हुई थी। उन्होंने 24 सालों तक सदन में अरुविकरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
अरुविकरा उपचुनाव में कुछ 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 1,84,210 मतदाता करेंगे।
कांग्रेस ने यहां से चुनाव मैदान में कार्तिकेयन के बेटे 31 वर्षीय के. ए. सबरीनाथन को खड़ा किया है। वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 67 वर्षीय पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एम. विजयकुमार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 85 वर्षीय ओ. राजगोपाल को अपना उम्मीदवार बनाया है।
तीनों ही उम्मीदवारों ने शनिवार को अपनी जीत का भरोसा जताया।
सबरीनाथन ने कहा कि उनके लिए अरुविकरा के मतदाता परिवार के जैसे हैं और यही बात उनका पक्ष मजबूत करती है। वहीं, विजयकुमार ने कहा कि दुनियाभर में रह रहे केरलवासियों की नजर इस चुनाव पर है और यह चुनाव ओमन चांडी की सरकार के लिए एक सबक होगा।
राजगोपाल ने कहा कि पिछले पांच सालों से केरल की जनता के पास दो ही विकल्प रहे-या तो कांग्रेस या फिर माकपा। लेकिन अब भाजपा यहां एक तीसरे महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में उभरी है और लोग सकारात्मक बदलाव के लिए पार्टी को जरूर वोट देंगे।
dharmpath.com dharmpath