केरल : कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या की एसआईटी जांच की मांग

तिरुवनन्तपुरम, 14 फरवरी (आईएएनएस)। केरल में कांग्रेस अध्यक्ष एम.एम. हसन ने बुधवार को मुख्यमंत्री पिनारई विजयन से कुन्नूर में युवा पार्टी कार्यकर्ता शोएब की हत्या की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग की। पार्टी ने शोएब की हत्या का आरोप मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यकर्ताओं पर लगाया है।

हसन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इससे बुरा और क्या हो सकता है कि नृशंस हत्या के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के पास कोई सुराग नहीं है कि उस दिन क्या हुआ था और न ही किसी को हिरासत में लिया गया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “मई 2016 में विजयन सरकार बनने के बाद राजनीतिक हत्या का यह 21वां मामला है। इससे पता चलता है कि पुलिस के हाथ बंधे हैं.. वे निष्पक्ष जांच करने में असमर्थ हैं।”

उन्होंने कहा, “एसआईटी के गठन के अलावा आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधि (निवारक) अधिनियम भी लागू होना चाहिए।”

सोमवार की रात शोएब (30) का शव बरामद हुआ था। कन्नूर कांग्रेस इकाई ने माकपा कार्यकर्ताओं पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। माकपा नेतृत्व ने हत्या से कोई संबंध होने से इनकार किया है।

कांग्रेस के अनुसार शोएब सोमवार रात लगभग 10.45 बजे मट्टनूर के निकट एक होटल के सामने कुछ अन्य लोगों के साथ खड़ा था। तभी अचानक एक कार में चार लोग आए और बम फेंका। इसके बाद उन्होंने शोएब को तलवार से काट दिया।

बुधवार को कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कन्नूर में 24 घंटों का विरोध प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक वी.डी. सतीशन ने आरोप लगाते हुए कहा, “विजयन को इस हमले पर बोलना चाहिए और इसकी निंदा करनी चाहिए.. लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहे हैं क्योंकि वह जानते हैं कि सच्चाई क्या है।”

शोएब के पिता मोहम्मद ने मीडिया को बताया कि उनके बेटे को पिछले कुछ समय से माकपा से जान से मारने की धमकी मिल रही थी और उसे हाल ही में एक झूठे मामले में फंसा कर जेल में डाल दिया गया था।

रपट के अनुसार पुलिस एक माकपा कार्यकर्ता को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493