तिरुवनंतपुरम, 20 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस की केरल इकाई ने पूर्व रक्षामंत्री ए.के. एंटनी द्वारा पिछले सप्ताह लोकसभा चुनाव के संबंध में दिए गए बयान के बाद चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। एंटनी ने पिछले सप्ताह कहा था कि केंद्र सरकार इस वर्ष के अंत में आम चुनाव करवा सकती है।
कांग्रेस महासचिव थामपानूर रवि ने मंगलवार को कहा कि पार्टी को चुनाव के लिए तैयार करने के लिए, उन्होंने शुरुआती काम शुरू कर दिए हैं और इस संबंध में पहली बैठक सोमवार को कोट्टायम में होगी।
उन्होंने कहा, “इस संबंध में पहले कदम के अंतर्गत, हमने जिलास्तरीय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। सभी 14 जिलों में इस तरह की बैठक आयोजित करने के बाद अंतिम बैठक तीन मार्च को त्रिशूर में होगी।”
कांग्रेस की अगुवाई वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के पास राज्य की 20 लोकसभा सीट में से 12 सीटें हैं, वहीं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) की अगुवाई वाले सत्तारूढ़ वाम मोर्चे के पास आठ सीटें हैं। भाजपा को केरल में अभी अपनी पहली लोकसभा सीट का इंतजार है। पार्टी ने हालांकि 140 सदस्यीय विधानसभा में एक सीट जीतने में जरूर कामयाबी हासिल की है।
dharmpath.com dharmpath