कोच्चि, 2 मई (आईएएनएस)। केरल की नर्स 25 वर्षीया चिक्कू रॉबर्ट की गत माह ओमान में हत्या कर दी गई थी। उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए सोमवार को यहां लाया गया।
पहले उनके शव को चिकित्सा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उनके गृह नगर अंगमाली लाया गया, जहां में शाम को उनकी अंत्येष्टि होगी।
शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी हवाईअड्डे पर उपस्थित थे।
बाद में चांडी ने संवाददाताओं से कहा कि यह बड़ा दुखद था कि रॉबर्ट के पति पार्थिव शरीर के साथ नहीं आ सके।
चांडी ने कहा, “विदेश मंत्रालय समेत हम सभी लोगों ने रॉबर्ट के पार्थिव शरीर को यहां लाने के लिए हर संभव प्रयास किया। लेकिन वहां के नियम भिन्न हैं। वहां मामले की तेजी से जांच चल रही है और जो कुछ जानकारी उन्हें मिलती है उसकी सत्यता प्रमाणित करने के लिए वे लोग (वहां के प्राधिकारी) उनके पति की उपस्थिति चाहते हैं।”
पांच महीने की गर्भवती चिक्कू ओमान एक अस्पताल में नर्स का काम करती थीं। गत 21 अप्रैल को सलालाह शहर स्थित फ्लैट में उनके पति ने चिक्कू को मृत पाया था। रॉबर्ट के शरीर पर चाकू के कई घाव थे।
मुख्यमंत्री ने रविवार को कहा कि ओमान पुलिस ने मामले को सुलझा लिया है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
चांडी के पास जो जानकारी है, उसके अनुसार कुछ लोगों की जल्द गिरफ्तारी होगी।
dharmpath.com dharmpath