वयनाड (केरल), 9 मई (आईएएनएस)। केरल की युवा मामलों एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री पी. के. जयलक्ष्मी रविवार को परिणय सूत्र में बंधेंगी।
विवाह कार्यक्रम राजधानी तिरुवनंतपुरम से 556 किलोमीटर दूर वयनाड जिला स्थित उनके पैतृक आवास एवं निर्वाचन क्षेत्र मनाथावडी में आयोजित किया गया है।
राज्य मंत्रिमंडल में युवा मामलों एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्रालय का प्रभार संभाल रहीं 33 वर्षीय जयलक्ष्मी अपने बचपन के दोस्त अनिल कुमार से विवाह कर रही हैं। दोनों कुरिचिया जनजाति से ताल्लुक रखते हैं।
जयलक्ष्मी ने 2011 में पहली बार राज्य विधानसभा चुनाव लड़ा और विजयी हुई थीं। वह सत्तारूढ़ युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की विधायक हैं।
केरल का पहाड़ी जिला वयनाड राज्य का सबसे पिछड़ा जिला माना जाता है। जयलक्ष्मी के विवाह को लेकर यहां खुशी का माहौल है और विवाह कार्यक्रम में 600 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
जयलक्ष्मी के विवाह में मुख्यमंत्री ओमन चांडी सहित मंत्रिमंडल के सहयोगी भी शामिल होंगे।
विपक्ष के नेता वी. एस. अच्युतानंदन और दूसरे विधायक भी जयलक्ष्मी के विवाह में शामिल होंगे।
dharmpath.com dharmpath