केरल के खेल मंत्री पर बुरे व्यवहार का आरोप

तिरुवनंतपुरम, 9 जून (आईएएनएस)। मोहम्मद अली के निधन पर विवादास्पद बयान देने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे केरल के खेल मंत्री ई.पी. जयराजन एक बार फिर मुसीबत में पड़ गए हैं। भारत की पूर्व ओलम्पिक महिला खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज ने गुरुवार को उन पर बुरे व्यवहार का आरोप लगाया है।

केरल खेल परिषद की अध्यक्ष जॉर्ज ने मीडिया को बताया कि बैठक में मंत्री का व्यवहार काफी बुरा था।

जॉर्ज ने बताया, “जब मैं उनसे मिलने गई तो उन्होंने कहा कि परिषद में कोई भी खेल से जुड़ा व्यक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां भ्रष्टाचार बहुत था और परिषद में नियुक्ति और स्थानांतरण सही तरीक से नहीं हुए।”

उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से की, जिन्होंने यह कहते हुए इस बात को नकार दिया कि ऐसी कोई घटना बैठक में नहीं हुई।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया,” यह सही है कि जॉर्ज जयराजन से मिली थीं। उन्होंने परिषद के अध्यक्ष से राज्य के एयरक्राफ्ट की रणनीति के बारे में पूछा था। इसमें गलत क्या है? जॉर्ज ने किसी तरह की कोई शिकायत नहीं की है। हम खेल से जुड़े लोगों के साथ राजनीति नहीं करते।”

जॉर्ज 2003 में पेरिस में हुई विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी थीं। 2002 में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित जॉर्ज ने राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और विश्व चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्तव किया है।

जॉर्ज को ओमान चांडी की सरकार ने परिषद का अध्यक्ष बनाया था। जयराजन ने हालांकि इस विवाद को खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा, “वह मुझसे मिली थीं और हमने कई मुद्दों पर चर्चा की। वह एक खुश इंसान की तरह बैठक से बाहर गई थीं।”

राज्य के पूर्व खेल मंत्री तिरुवानचोर राधाकृष्णनन ने जयराजन की आलोचना की है।

उन्होंने कहा, “खेल से जुड़े लोगों को राजनीति की निगाह से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने सिर्फ राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम ऊंचा किया है। जॉर्ज के प्रति उनका व्यवहार इस तरह का नहीं होना चाहिए।”

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुम्मानेन राजशेखरन ने कहा कि मंत्री को अपने व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493