नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को केरल के पुत्तिंगल मंदिर में लगी भयंकर आग को ‘बेहद तकलीफदेह’ बताया। इस हादसे में 90 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।
राजनाथ ने ट्विटर पर लिखा, “कोल्लम के पुत्तिंगल मंदिर में भयावह आग की खबर बहुत तकलीफदेह है। हादसे में लोगों के जान गंवाने पर बहुत तकलीफ हुई। हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के साथ मुझे पूरी हमदर्दी है। मेरी दुआएं घायलों के साथ हैं।”
उन्होंने कहा, “केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी से दुर्घटना के बारे में बात की। उन्होंने मुझे स्थिति से अवगत कराया। उन्हें केंद्र से हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया है।”
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित पुत्तिंगल मंदिर में हुई भयानक आतिशबाजी में 96 लोगों की मौत हो गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath