केरल के विधायक पी.सी. जॉर्ज ने दिया इस्तीफा (लीड-1)

तिरुवनंतपुरम, 12 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के सत्तारूढ़ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) दल के बागी विधायक पी.सी.जॉर्ज ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने गुरुवार को अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष एन.सकथन को सौंपा।

छह बार से विधायक जॉर्ज (65) केरल कांग्रेस (मणि) के अध्यक्ष व प्रदेश के वित्त मंत्री के.एम.मणि के खिलाफ लगातार टिप्पणियों के कारण पार्टी से निलंबित हैं।

जॉर्ज के लिखित इस्तीफे को स्वीकार करते हुए अध्यक्ष सकथन ने कहा कि वह नियमों को देखेंगे और तब कोई फैसला लेंगे।

केरल कांग्रेस (मणि), कांग्रेस नेतृत्व वाली ओमन चांडी सरकार की तीसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है, जिसके पास नौ विधायक हैं।

जॉर्ज का इस्तीफा ऐसे वक्त में सामने आया है, जब उन्हें बतौर विधायक अयोग्य घोषित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को अर्जी दी गई है, जिस पर अध्यक्ष को शुक्रवार को फैसला करना था।

जॉर्ज ने कहा, “अब मैं अपनी पुरानी पार्टी में लौट रहा हूं, और विपक्षी वाम मोर्चा के साथ मिलकर काम करूंगा।”

उल्लेखनीय है कि जॉर्ज ने साल 2003 में अपनी पार्टी केरल कांग्रेस (सेक्यूलर) का गठन किया था और वाम लोकतांत्रिक मोर्चे के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। बाद में वह यूडीएफ में शामिल हो गए और अपनी पार्टी का केरल कांग्रेस (मणि) में विलय कर लिया।

बीते सप्ताह हुए निकाय चुनाव में केरल कांग्रेस (सेक्यूलर) को सफलता मिली थी और चुनाव में वाम मोर्चे के साथ उसका गठबंधन था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493