केरल : भाजपा ने कांग्रेस व माकपा के सार्वजनिक पशुवध की निंदा की

तिरुअनंतपुरम, 28 मई (आईएएनएस)। पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए केंद्र सरकार के नए नियम के विरोध में कांग्रेस व मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की युवा शाखाओं द्वारा सार्वजनिक रूप से पशुओं का वध करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निंदा की है।

भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष कुमानेम राजशेखर ने रविवार को इस पर गंभीर चिंता जताते हुए पूछा कि क्या यह लोग (कांग्रेस व माकपा की युवा शाखाओं के सदस्य) बूचड़ बन गए हैं?

राजशेखर ने यहां जारी एक बयान में कहा, “यह गंभीर चिंता का विषय है कि इन राजनीतिक दलों के इस कृत्य के बारे में यह माना जा रहा है कि यह भाजपा के प्रति गुस्सा जताने का तरीका है। लोगों को निश्चित ही सरोकार होना चाहिए क्योंकि ये लोग एक बूचड़ की मानसिकता के साथ राजनीति कर रहे हैं और यह खतरनाक रुझान है।”

उन्होंने कहा, “यह देखना स्तब्ध करने वाला था कि लोग अपने हाथों में जानवरों के कटे सिर लिए हुए थे जिनसे खून टपक रहा था। कोई भी आदमी जिसमें जरा सी भी सामान्य समझ होगी, क्या ऐसी हरकत कर सकता है? ऐसे कृत्य केरल के एक निराशाजनक भविष्य की तरफ इशारा कर रहे हैं।”

सार्वजनिक रूप से पशुओं का वध करने की रिपोर्ट एर्नाकुलम और कन्नूर जिलों से मिली हैं। पूरे राज्य में कई ‘बीफ पार्टियां’ आयोजित की गईं जिनमें कांग्रेस और माकपा के सदस्यों ने बीफ पकाया और लोगों के बीच खाने के लिए परोसा। कोच्चि में पर्यटन मंत्री कडाकंपल्ली सुरेंद्रन ने बीफ करी का स्वाद लिया।

कन्नूर में युवा कांग्रेस के सदस्यों ने अपने कदम को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि ऐसा उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493