केरल में दोपहर तक 43.88 फीसदी मतदान (लीड-2)

तिरुवनंतपुरम, 16 मई (आईएएनएस)। केरल में 14वीं विधानसभा की 140 सीटों के लिए सोमवार को जारी मतदान के तहत दोपहर एक बजे तक 43.88 प्रतिशत लोगों लंबी कतारों में लगकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। वहीं, राज्य में सत्तारूढ़ संयुक्त मोर्चा व विपक्षी वाम मोर्चा ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है।

नक्सलियों का गढ़ माने जाने वाले कन्नूर में दापहर तक 47.61 प्रतिशत मतदान की खबर है। इसके बाद कोट्टायम में 45.59 प्रतिशत वोट पड़े। राजधानी तिरुवनंतपुरम में 36.14 प्रतिशत मतदान हुआ।

निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, राज्य में 2,60,19,284 योग्य मतदाता हैं। यहां 1,203 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 109 महिलाएं हैं।

राज्य में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा। राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मतदान तेज गति से जारी है। इस बीच, मुख्यमंत्री ओमन चांडी तथा विपक्षी मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता वी.एस. अच्युतानंदन ने अपने-अपने गठबंधनों की जीत का दावा किया।

चांडी ने वोट डालने के बाद कांग्रेस की अगुवाई वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत का दावा करते हुए कहा कि इसे विधानसभा में बहुमत हासिल होगा।

चांडी ने कोट्टायम के नजदीक अपने गृहनगर पुथुपल्ली में संवाददाताओं से कहा, “हम इसे लेकर आश्वस्त हैं कि लोग हमें एक और मौका देंगे।”

वहीं, कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री ए.के.एंटनी ने कहा, “राज्य में पहली बार सत्तारूढ़ गठबंधन एक बार फिर सत्ता में लौटने जा रहा है, जबकि वाम मोर्चा विपक्ष में ही रहेगा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक भी सीट नहीं मिलेगी।”

राज्य में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) तथा मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के बीच है।

वहीं, मार्क्‍सवादी नेता अच्युतानंदन ने वोट डालने के लिए पहुंचने से पहले मतदाताओं से मुलाकात की। वह पलक्कड़ जिले के मलपुझा से चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हल्की बारिश हो रही है, जो शुभ का संकेत है। हमारे पक्ष में जोरदार लहर है। हम भारी मतों से जीतने जा रहे हैं..लोग चांडी को बाहर का रास्ता दिखाने जा रहे हैं।”

वहीं, भाजपा को भी केरल में अपना खाता खुलने की उम्मीद है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुम्मानेम राजशेखरन ने कहा कि राज्य में पार्टी का भविष्य उज्ज्वल है।

वतियूरकावु से चुनाव लड़ रहे राजशेखरन ने कहा, “लोग वाम तथा कांग्रेस दोनों से नाराज हैं। यही वजह है कि हम इस बार जीत के प्रति अधिक आश्वस्त हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493