मनीला, 16 मई (आईएएनएस)। फिलीपींस के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने अपराध के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि वह मौत ्रकी सजा को बहाल करना चाहेंगे।
अपराध के खिलाफ अपने कड़े रुख के कारण ‘दंड देने वाले’ के नाम से मशहूर दुर्तेते गत नौ मई को आम चुनाव में जीत हासिल करने के बाद पहली बार संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। फिलीपींस में वर्ष 2006 से मौत की सजा खत्म कर दी गई है।
एफे न्यूज ने एक ईपीए पत्रकार की खबर का उल्लेख करते हुए कहा है कि मौत की सजा फिर से शुरू करने के अलावा दुतेर्ते ने रविवार की रात संवाददाताओं से कहा कि वह सुरक्षा बलों को संगठित अपराध सिंडिकेट के सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर देने का आदेश देना चाहेंगे।
दुतेर्ते अभी दावाओ शहर के महापौर हैं।
दुतेर्ते की यह टिप्पणी उनके चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादे के अनुरूप हैं। चुनाव प्रचार में विशेष रूप से अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का वादा किया था। उन्होंने वादा किया था कि यदि वह जीत हासिल करेंगे तो एक लाख तक अपराधियों को मार डालेंगे।
दुतेर्ते 22 साल से दावाओ शहर के महापौर रहे हैं। उन्हें इस शहर से अपराध का सफाया कर देने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने ड्रग्स की तस्करी के मुकाबले के लिए अपराधियों को मौत की सजा देने को सबसे प्रभावी तरीका बताया है।
दुतेर्ते पर दावाओ शहर में ‘निगरानी मौत दस्ता’ चलाने का भी आरोप लगता रहा है। मानवाधिकार समूहों के अनुसार, इन दस्तों में पुलिस, भाड़े के हत्यारे और कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व विद्रोही शामिल हैं।
रविवार को संवाददाता सम्मेलन के बाद सोमवार की सुबह दक्षिणी फिलीपींस के दावाओ शहर में दुतेर्ते से मिलने आने वाले शुभचिंतकों के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस और सैन्यकर्मी तैनात किए गए थे।
दुतेर्ते 30 जून को राष्ट्रपति पद संभालेंगे। उनका कार्यकाल छह साल होगा।
dharmpath.com dharmpath