नई दिल्ली, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। केरल में कौशल प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार और केरल का कौशल विभाग मिलकर निपुण्यम अंतर्राष्ट्रीय कौशल सम्मेलन का आयोजन अगले साल 5-7 फरवरी को करेगा। इस सम्मेलन के जरिये केरल के एक लाख से अधिक युवाओं और कौशलबद्ध प्रतिभाओं को प्रेरित किया जाएगा।
केरल के श्रम एवं कौशल मंत्री शिबू बेबी जॉन ने आईएएनएस को बताया, “हम निपुण्यम जैसा अद्भुत कानसेप्ट पेश कर काफी गौरवान्वित हैं। इससे राज्य के युवाओं को एक नई दिशा मिलेगी। केरल में निवेश के लिए और युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने में मदद करने के लिए सभी का स्वागत है।”
इस सम्मेलन के बारे में विस्तृत जानकारी देने के लिए दिल्ली में एक पार्टनरशिप मीट का आयोजन किया गया। निपुण्यम 2016 भारत और विश्व में कौशल विकास के क्षेत्र के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा, जहां केरल में कौशल प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार की विभिन्न विधियों पर चर्चा की जाएगी।
इस कार्यक्रम में केरल के श्रम एवं कौशल मंत्री शिबू बेबी जॉन, अतिरिक्त मुख्य सचिव टॉम जोस एवं अन्य गणमान्यों ने हिस्सा लिया।
निपुण्यम 2016 का आयोजन केरल के त्रिवेंद्रम में 5 से 7 फरवरी 2016 को किया जाएगा। इस सम्मेलन की संयुक्त मेजबानी केरल अकादमी और किंल्स एक्सलेंस (केएएसकी), कौशल विकास आयोग, केरल सरकार और रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योगों को पेशवर बनाने के लिए एक मजबूत मंच तैयार करना है। जहां अत्याधुनिक तकनीक एवं रुझानों पर विमर्श कर बेहतर और अधिक सार्थक प्रशिक्षण दिया जा सके।
निपुण्यम के सहयोग से आयोजित ‘स्किल्स सीएस्टा’ केरल के युवाओं की प्रतिभा को एक मंच प्रदान करेगा। जहां वे अपनी योग्यता पहचान कर विश्व में मौजूद अवसरों के बारे में जान सकेंगे। इसके जरिये केरल के एक लाख से अधिक युवाओं और कौशलबद्ध प्रतिभाओं को प्रेरित किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath