तिरुवनंतपुरम, 3 नवंबर (आईएएनएस)। केरल की मेजबानी में अगले महीने दक्षिण एशिया फुटबाल महासंघ (सैफ) चैम्पियनशिप-2015 का आयोजन होने वाला है और केरल फुटबाल संघ (केएफए) के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि आयोजन की तैयारियां बिल्कुल सही दिशा में चल रही हैं।
चैम्पियनशिप का आयोजन 23 दिसंबर से अगले वर्ष तीन जनवरी तक चलेगा।
टूर्नामेंट में मेजबान भारत के अलावा मौजूदा चैम्पियन अफगानिस्तान सहित कुल आठ देशों की टीमें हिस्सा लेंगी।
अन्य टीमों में बांग्लादेश, भूटान, पाकिस्तान, नेपाल, मालदीव और श्रीलंका शामिल हैं।
केएफए के अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. एम. आई. मेथार ने आईएएनएस से कहा कि आयोजन की शुरुआती समस्याएं सुलझा ली गई हैं और बिल्कुल नया तैयार ग्रीनफील्ड स्टेडियम है ही।
मेथार ने कहा, “स्टेडियम शुल्क को लेकर कुछ समस्या थी, जिसे सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया है। यहां तैयार सुविधाएं विश्व स्तरीय हैं और सारी तैयारियां पूरी होने की दिशा में हैं।”
केरल में पिछले वर्ष हुए राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन और समापन समारोह इसी ग्रीनफील्ड स्टेडियम में आयोजित किया गया था।
dharmpath.com dharmpath