केरल व बिहार के पूर्व राज्यपाल आर.एस. गवई का निधन

नागपुर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। केरल और बिहार के पूर्व राज्यपाल रामकृष्ण सूर्यभान गवई का यहां शनिवार को निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे।

गवई 2006-08 के दौरान बिहार के राज्यपाल थे और उसके बाद 2011 तक केरल के राज्यपाल रहे।

वर्ष 2006 में वह संक्षिप्त समय के लिए सिक्किम के राज्यपाल भी रहे।

गवई दलित आंदोलन में एक सक्रिय ताकत रहे और उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (जी) का नेतृत्व किया, जिसका मौजूदा समय में नेतृत्व उनके पुत्र राजेंद्र आर. गवई कर रहे हैं।

गवई 1964 से 1994 तक महाराष्ट्र विधानपरिषद के निर्वाचित सदस्य रहे थे, और 1978 से 84 तक सदन के सभापति रहे थे। वह 1986 से 88 तक सदन में नेता प्रतिपक्ष रहे थे।

वह 1998 में अमरावती से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

केरल के राज्यपाल के रूप में वह उस समय सुर्खियों में आ गए थे, जब उन्होंने महाधिवक्ता की सलाह को दरकिनार कर माकपा नेता और पूर्व मंत्री पी. विजयन के खिलाफ एसएनसी-लावलिन मामले में कार्रवाई करने की सीबीआई को अनुमति दे दी थी।

गवई का अंतिम संस्कार रविवार को अमरावती के दारापुर गांव में होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493