केरल हादसे में 109 मरे, 24 की हालत नाजुक : मंत्री

तिरूवनंतपुरम, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के पुत्तिंगल देवी मंदिर में आतिशबाजी के दौरान हुए हादसे में मृतकों की संख्या 109 हो गई है, जबकि 24 अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री वी.शिवकुमार ने सोमवार को यह घोषणा की।

यहां अस्पताल में दो युवकों की मौत के बाद आधिकारिक सूत्रों ने 112 लोगों के मरने की बात कही है।

नवीनतम आधिकारिक आंकड़ा पेश करते हुए मंत्री ने कहा कि रविवार तड़के हुए हादसे में अब तक 109 लोगों की मौत हो चुकी है।

मंदिर तटीय जिला पारावूर शहर में स्थित है, जो तिरूवनंतपुरम से 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

मंत्री ने कहा कि 24 लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इनमें 15 कोल्लम, जबकि नौ तिरूवनंतपुरम के अस्पतालों में भर्ती हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में रखे 14 शवों की पहचान नहीं हुई है। उनकी डीएनए जांच करवाई जाएगी।

शिवकुमार ने कहा कि कुल 327 मरीजों का इलाज चल रहा है। 221 मरीजों का कोल्लम जबकि 106 का तिरूवनंतपुरम के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मंत्री ने राज्य तथा दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों की एक उच्च स्तरीय बैठक में हिस्सा लिया।

इसके बाद उन्होंने कहा कि एम्स के चिकित्सकों ने कहा है कि मरीजों को केरल के बाहर ले जाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य में इलाज के साधन पर्याप्त हैं।

शिवकुमार ने कहा, “वर्तमान चिकित्सा दल की मदद के लिए 10 विशेषज्ञ चिकित्सकों का एक दल आज (सोमवार) यहां पहुंचेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493