विजयवाड़ा, 17 जून (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने बुधवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के खिलाफ दर्ज एक आपराधिक मामले की जांच शुरू कर दी है। राव के खिलाफ यह शिकायत नोट के बदले वोट कांड के एक आरोपी ने दर्ज करवाई थी। इस मामले में तेदेपा के विधायक पर भी शामिल होने का आरोप है।
हैदराबाद से सीआईडी के अधिकारियों का एक दल यहां पहुंचा और उस पुलिस थाने से मामले की विस्तृत जानकारी एकत्रित की, जहां पर जेरुसलेम मुथैया ने शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच अधिकारियों ने प्राथमिकी, मामले से संबंधित दस्तावेज और अन्य कागज अपने कब्जे में ले लिए। मुथैया का बयान भी दण्डाधिकारी के समक्ष दर्ज किया गया।
पिछले सप्ताह सत्यनारायणपुरम पुलिस थाने में तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर के खिलाफ आपराधिक धमकी सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के कुछ समर्थक उनके हैदराबाद स्थित घर आए और उन्हें और उनके परिवार को धमकी देते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ बयान देने के लिए कहा।
मुथैया ने आरोप लगाया कि केसीआर के समर्थक उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले गए थे और उन पर हमला भी किया जिसके बाद वह विजयवाड़ा आ गए।
आंध्र प्रदेश की तेदेपा सरकार ने मंगलवार को मामला सीआई को सौंप दिया था।
माना जा रहा है कि आंध्र सरकार का यह कदम तेलंगाना के एसीबी द्वारा मुख्यमंत्री नायडू को नोट के बदले वोट मामले में नोटिस जारी करने की तैयारी का जवाब माना जा रहा है।
तेलंगाना विधानसभा में तेदेपा विधायक ए.रेवंत रेड्डी को हैदराबाद में 31 मई को भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने गिरफ्तार किया था। एसीबी ने रेवंत रेड्डी को विधानसभा के मनोनीत विधायक एल्विस स्टीफन्सन को 50 लाख रुपये रिश्वत की पेशकश करने पर गिरफ्तार किया था। यह राशि विधान परिषद चुनाव में तेदेपा-भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए दी गई थी।
चंद्रबाबू नायडू की स्टीफंशन से फोन पर बातचीत का एक कथित टेप भी सात जून को जारी किया गया था।
टीआरएस सरकार का आरोप है कि इस कांड के मुख्य साजिशकर्ता तेदेपा के प्रमुख नायडू हैं।
वहीं तेदेपा सरकार ने तेलंगाना सरकार पर नायडू और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों के हैदराबाद में फोन टैप करने का आरोप लगाया है। हैदराबाद दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी है।
dharmpath.com dharmpath