कोंकणा निर्देशक के रूप में एकदम सही : कोचलिन

मुंबई, 7 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री कल्कि कोचलिन ने कहा है कि अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा एक निर्देशक के रूप में एकदम सही हैं। वह कोंकणा सेन शर्मा के निर्देशन में बन रही उनकी पहली फिल्म ‘अ डेथ इन द गंज’ में नजर आएंगी।

यह पूछे जाने पर कि निर्देशक के रूप में कोंकणा का काम कैसा रहा? इस पर कल्कि ने आईएएनएस से कहा, “कोंकणा शानदार हैं। वह अलग तरह की इंसान हैं। मुझे नहीं पता कि उन्होंने यह कैसे किया, लेकिन वह एक दिन में चार घंटे ही सोती थीं और थकान के बावजूद वह सेट पर कभी चिल्लाई नहीं।”

उन्होंने कहा, “वह एकदम सही हैं और मुझे लगता है कि वह अपनी मां (अपर्णा सेन) के आसपास रहीं और उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी फिल्में की हैं। उन्हें दृश्यों, फ्रेम और संपादन के बारे में सबकुछ पता है।”

फिल्म ‘अ डेथ इन द गंज’ में रणवीर शौरी और तनूजा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म पांच लोगों की जीवन यात्रा पर आधारित है।

कोंकणा अभिनेत्री से निर्देशक बनीं, क्या कभी कल्कि भी ऐसा कर सकती हैं?

इस पर कल्कि ने कहा, “इतनी जल्दी नहीं। अभी मैं अपने काम का आनंद ले रही हूं। इसके अलावा, निर्देशन में बहुत काम है। मेरे पास फिल्म बनाने के लिए पर्याप्त पैसा और समय नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493