कोकराझार-असम का कोकराझार जिला एक बार फिर अशांति की चपेट में है. यहां दो समुदायों (बोडो और आदिवासी) के बीच अचानक भड़की झड़प ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई. स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है.
घटना की शुरुआत सोमवार रात को हुई एक सड़क दुर्घटना से हुई. कोकराझार के करीगांव क्षेत्र में एक वाहन, जिसमें तीन बोडो लोग सवार थे, उससे दो आदिवासियों को टक्कर लग गई. इस मामूली हादसे ने देखते ही देखते बड़े विवाद का रूप ले लिया.
हादसे से नाराज आदिवासी ग्रामीणों ने वाहन सवार तीनों लोगों के साथ जमकर मारपीट की और उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया.
मंगलवार को यह विवाद और बढ़ गया. दोनों समुदायों के लोग सड़कों पर उतर आए और नेशनल हाईवे को जाम कर दिया. गुस्साए लोगों ने टायरों में आग लगाई, कुछ घरों को नुकसान पहुंचाया और एक सरकारी दफ्तर को भी आग के हवाले कर दिया. इतना ही नहीं, भीड़ ने करीगांव पुलिस चौकी पर भी हमला बोला.
भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. इस टकराव में कुछ पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हुए हैं.
dharmpath.com dharmpath