यंगून, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। म्यांमार सरकार ने रविवार को कहा कि नौ फरवरी से शुरू हुए कोकांग जातीय सेना के साथ संघर्ष में अब तक 126 सैनिकों की मौत हो गई है और 359 घायल हो गए हैं। मीडिया रपटों से यह जानकारी प्राप्त हुई है।
समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ के मुताबिक, 15 अप्रैल से कोकांग की म्यांमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सेना (एमएनडीएए) के साथ संघर्ष में सरकारी सैन्य बलों ने एमएनडीएए के सैनिकों के 74 शवों को जब्त किया है। इसके साथ ही 226 हथियारों और मादक पदार्थो की जब्ती के साथ एमएनडीएए के 22 सैनिकों को गिरफ्तार भी किया गया है।
इस ताजा घटनक्रम के दौरान सरकारी सैन्यबलों ने कोकांग की राजधानी लौकी के मुख्य स्थानों पर नियंत्रण स्थापित कर चार अन्य ऊपरी स्थानों पर भी अधिकार जमा लिया है।
इस दौरान म्यांमार सरकार और जातीय सशस्त्र समूहों के शांति मध्यस्थों ने देशव्यापी संघर्ष विराम समझौते (एनसीए) के मसौदे पर बातचीत की प्रक्रिया पूरी की है, जिस पर 31 मार्च को यंगून में प्रारंभिक रूप से हस्ताक्षर किए गए।
संयुक्त राष्ट्रीय संघयी परिषद (यूएनएफसी) ने एक खुले पत्र में म्यांमार के राष्ट्रपति यू थेन सेन से कोकांग जातीय सेना के खिलाफ सभी तरह के हमलों को समाप्त करने की मांग की है।
dharmpath.com dharmpath