अहमदाबाद, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। ‘गगन स्पॉन्ज आयरन प्राइवेट लिमिटेड (जीएसआईपीएल)’ के पूर्व निदेशक और अमरकोंडा मुरगादंगल कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में आरोपी राधा कृष्णा सर्राफ का यहां मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) विभाग से कार्यकारी निदेशक के तौर पर सेवानिवृत्त सर्राफ ने 2008 दिसम्बर तक ‘गुजरात स्टेट पेट्रोनेट लिमिटेड (जीएसपीएल)’ के निदेशक के तौर पर सेवा दी।
अप्रैल 2015 में अमरकोंडा मुरगादंगल कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की रपट में सर्राफ को आरोपी दर्शाया गया।
परिवार के सूत्रों के अनुसार, इसके बाद ही उनकी तबियत खराब रहने लगी थी और मंगलवार को उन्हें तीसरी बार दिल का दौरा पड़ा था।
सर्राफ को उच्च रक्तचाप के कारण यहां स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया।
सर्राफ यहां अहमदाबाद में रहते थे और उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेशी की छूट दी गई थी। उन्होंने कनाडा में अपने बेटे और परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए जुलाई 2015 में दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में एक याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया।
उन्होंने 1959 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद भेल में सेवा दी। 33 साल की सेवा देने के बाद उन्होंने जिंदल पॉवर लिमिटेड और जीएसपीएल के बोर्ड में भी काम किया।
dharmpath.com dharmpath