कोलंबो टेस्ट : बारिश से रुका मैच, श्रीलंका हार की कगार पर

कोलंबो, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ पी. सारा ओवल मैदान में जारी दूसरे टेस्ट मैच के आखिरी दिन सोमवार को रविचंद्रन अश्विन और अमित मिश्रा की धारदार गेंदबाजी के आगे श्रीलंका की दूसरी पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई और चौथी पारी में 413 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 130 रन पर टीम नौ विकेट गंवा चुकी है। बारिश से मैच रुकने तक दिन के खेल में 21.3 ओवर का खेल हो सका है।

रविवार को दो विकेट चटकाने वाले अश्विन ने सोमवार को तीन विकेट और चटका डाले, जबकि मिश्रा ने भी दो विकेट हासिल कर लिए हैं।

दो विकेट पर 72 रन के पिछले दिन के स्कोर से आगे खेलने उतरी श्रीलंकाई टीम दिन की पहली ही गेंद पर कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (23) का विकेट गंवा बैठी। उमेश यादव की गेंद पर मैथ्यूज का कैच स्लिप में खड़े लोकेश राहुल ने लिया।

दिनेश चांडिमल (15) और लाहिरू थिरिमान्ने (11) भी ज्यादा देर संघर्ष नहीं कर सके। भारतीय गेंदबाजों ने हर छोर से श्रीलंका पर शिकंजा कस दिया और धम्मिका प्रसाद तथा जेहान मुकाबर तो खाता भी नहीं खोल पाए।

एक छोर से टिककर पारी को संभालने की कोशिश में लगे दिमुथ करुणारत्ने (46) पिछले दिन के अपने निजी योग में 21 रनों का और इजाफा कर सके। उनके संघर्ष पर अंतत: अश्विन ने विराम लगाया।

भारत ने पहली पारी में लोकेश राहुल (108) के शतक की बदौलत 393 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी मैथ्यूज (102) के शतक के बावजूद 306 रनों पर सिमट गई थी। उसके बाद भारत ने अजिंक्य रहाणे (126) की शतकीय पारी की बदौलत आठ विकेट पर 325 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी और श्रीलंका के सामने जीत के लिए 413 रनों का लक्ष्य रखा।

गॉल में हुआ पहला टेस्ट श्रीलंका जीता था और भारत यह मैच जीत जाता है तो तीन मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर लेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493