कोलकाता, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। यहां की एक अदालत ने गुरुवार को पार्क स्ट्रीट सामूहिक दुष्कर्म मामले में सभी तीन अभियुक्तों को दोषी करार दिया। इस मामले में सजा का एलान शुक्रवार को होगा।
कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में 5 फरवरी, 2012 को हथियार का भय दिखाकर एंग्लो-भारतीय महिला के साथ चलती कार में दुष्कर्म किया गया था। दुष्कर्म के बाद महिला के साथ मारपीट की गई और उसे चलती कार से फेंक दिया गया।
महिला को उस वक्त अगवा कर लिया गया जब वह पार्क स्ट्रीट के नाइट क्लब से बाहर निकली ही थी।
शहर के सत्र न्यायालय के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश चिरंजीव भट्टाचार्य ने रुमन खान, नासिर खान और सुमित बजाज को इस मामले में दोषी करार दिया।
इस मामले के मुख्य आरोपी कादर खान और अली अभी भी फरार हैं।
भारत में दुष्कर्म पीड़िता का नाम जाहिर नहीं करने का प्रावधान है लेकिन एंग्लो-भारतीय महिला ने खुद सामने आकर अपना नाम जाहिर किया था। हालांकि वह न्याय देखने के लिए जीवित नहीं है।
पीड़िता की इसी साल 13 मार्च की एनसेफलाइटिस की वजह से मृत्यु हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath