कोलकाता में 6 क्रिकेट सट्टेबाज गिरफ्तार

कोलकाता, 25 मार्च (आईएएनएस)। क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह चलाने के आरोप में बुधवार को कोलकाता में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप और नकदी रुपये बरामद हुए।

बिधाननगर के पुलिस उपायुक्त (जासूसी विभाग) कांकर प्रसाद बरुई ने पत्रकारों को बताया, “राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के सट्टेबाज यहां से अपना सट्टेबाजी का अवैध धंधा चला रहे थे और सट्टा लगाने के लिए वे एक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर रहे थे। हमने वह सॉफ्टवेयर भी जब्त कर लिया है।”

पुलिस ने मिली गुप्त सूचना के आधार पर शहर के पूर्वोत्तर सीमा पर स्थित बांगुर में एक घर पर छापेमारी की, जहां शेयर के कारोबार के नाम पर सट्टेबाजी का धंधा चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने छापेमारी में 14 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, कई हार्ड डिस्क और कई अन्य दस्तावेजों के साथ 37 लाख रुपये नकद बरामद किए।

बरुई ने बताया कि सट्टेबाज मोबाइल फोन के जरिए जारी आईसीसी विश्व कप के मैचों के लिए सट्टे की दर तय करते थे।

उन्होंने बताया, “हर 10 मिनट के अंतराल पर रेट अपडेट होती रहती थी।”

बरुई ने बताया कि प्रतिदिन मैच जारी रहने के दौरान 10 से 50 लाख रुपये का सट्टा लगता था। पुलिस को दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भी विश्व कप में जारी मैचों पर सट्टा लगाने वाले लोगों के नाम पता लगे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493