कोलकाता, 22 जून (आईएएनएस)। सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत एक इंजीनियर को कथित तौर पर एक अन्य आईटी कंपनी के विदेशी ग्राहकों को धोखा देने के आरोप में यहां गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय की साइबर अपराध शाखा ने अखिलेश शॉ को गुप्त आंकड़ों का प्रयोग करके एक आईटी कंपनी के ग्राहकों के 20,000 से 30,000 डॉलर झटकने की शिकायत के बाद मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
उपायुक्त के.पी. बरुई ने कहा, “शॉ ने कई अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कंपनी के पास उपलब्ध क्रेडिट और डेबिट कार्ड के विवरण का इस्तेमाल करके 20,000 से 30,000 डॉलर झटक लिए।”
पिछले महीने जब आईटी कंपनी ने पुलिस में कंपनी के गुप्त आंकड़े चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, तब इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
बरुई ने कहा, “धोखाधड़ी के ज्यादातर शिकार अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के हैं।”
उन्होंने बताया कि शॉ को शुक्रवार तक पुलिस हिरासत में रखा गया है।
अधिकारी ने कहा, “कई गैंग इस प्रकार की धोखाधड़ी में शामिल हैं। हमें विश्वास है कि हम उन्हें भी पकड़ लेंगे।”
dharmpath.com dharmpath