खजुराहो, 1 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की पर्यटन नगरी खजुराहो में गुरुवार से भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के आयोजित ब्रिक्स देशों के दो-दिवसीय पर्यटन समिट ‘ब्रिक्स कन्वेंशन ऑन टूरिज्म’ का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में भारत सहित ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेंद्र पटवा ने उद्घाटन मौके पर कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस तरह के कन्वेंशन से टूरिज्म को बढ़ाने के अच्छे अनुभव हमारे सामने आ सकेंगे। सभी ब्रिक्स देशों की सहभागिता से देश में पर्यटन और अधिक बढ़ सकेगा।
भारत सरकार के पर्यटन सचिव विनोद जुत्शी ने स्वागत भाषण में कहा कि समिट का उद्देश्य ब्रिक्स देशों में आपसी सहयोग एवं नवीनतम तकनीक का उपयोग कर पर्यटन को बढ़ावा देना है। दक्षिण अफ्रीका एवं चीन के पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।
समिट के दूसरे सत्र में पर्यटन मंत्रालय द्वारा ‘अतुल्य भारत’ की थीम पर आधारित प्रेजेंटेशन हुआ। ब्रिक्स देशों एवं मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश बिहार और इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटरों ने भी पर्यटन पर आधारित प्रेजेंटेशन दिया।
कार्यक्रम में दक्षिण अफ्रीका के डी.ए. हैनीकॉम, चीन के टूरिज्म काउंसलर वेन लिअन गुहा, डायरेक्टर ल्यू केझी, पर्यटन मंत्रालय के प्रतिनिधि सुमन बिल्ला, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक और प्रदेश के पर्यटन सचिव हरि रंजन राव उपस्थित थे।
शुभारंभ के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। लोक-नर्तकों ने परंपरागत वेशभूषा मं नृत्य करते हुए अतिथियों की अगवानी की।
dharmpath.com dharmpath