खेत से निकालने के समय जिंदा था अमेरिकी नागरिक : गोवा पुलिस

पणजी, 14 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तरी गोवा के कोरगाओ गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मरने वाला अमेरिकी नागरिक कैटान्या लिला होल्ट उस वक्त जिंदा था, जब उसे कीचड़ से भरे धान के खेत से निकाला गया था। उसकी मौत उसे खेत से निकाले जाने के बाद हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक उमेश गाओंकर ने आईएएनएस से कहा कि हो सकता है कि गांववालों ने गलती से होल्ट को चोर समझ लिया हो।

गाओंकर ने कहा, “जब उसे दौड़ाया गया (मंगलवार को देर शाम) तो वह पानी भरे खेत में गिर गया और संभवत: कीचड़ से उसका गला चोक हो गया। हमने रस्सी के सहारे उसे बाहर निकाला। निकाले जाने के समय उसमें थोड़ी जान थी, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।”

पुलिस का कहना है कि ओहियो राज्य का होल्ट अजब व्यवहार कर रहा था। कोरगाओ के लोगों को लगा कि वह चोर है।

गाओंकर ने कहा, “वह (होल्ट) गांववालों के घरों में गया और उनसे अजीब से सवाल पूछे। इससे लोगों को शक हुआ। लोगों ने उसे दौड़ाया। दो से तीन किलोमीटर का पीछा खेत में खत्म हुआ, जहां ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई।”

पुलिस ने कहा कि अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के अधिकारी मुंबई से यहां आ रहे हैं। शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।

अमेरिकी की मौत के मामले की गूंज गुरुवार को गोवा विधानसभा में भी रही। सरकार ने कहा कि कीचड़ से उसका दम घुट गया जबकि विपक्ष ने कहा कि ‘तकनीकी’ रूप से देखा जाए तो उसकी हत्या हुई है। इससे विदेशी पर्यटकों के गोवा आने पर असर पड़ेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493