खेल प्रतिभाओं को मौका देने से पीछे नहीं हटेंगे : अखिलेश (लीड-1)

आगरा, 17 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में देसी धनुष (क्रस बो) के लोगो और जर्सी का अनावरण करते हुए कहा कि प्रदेश में उभर रही खेल प्रतिभाओं को मौका जरूर दिया जाना चाहिए और इससे सरकार कभी पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने कहा, “खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं लॉन्च की हैं। क्रस बो शूटिंग खेल जगत में नया अध्याय है।”

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इंडियन क्रस बो एसोसिएशन के आधिकारिक लोगो और वेबसाइट का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने भारतीय क्रस बो टीम के ट्रैक सूट का भी अनावरण किया। इसी ट्रैक सूट को पहनकर भारतीय टीम इस वर्ष जून में पुर्तगाल में होने वाले विश्व क्रस बो प्रतियोगिता में भाग लेगी।

गौरतलब है कि क्रोस बो को प्रदेश में एक खेल के रूप में आगे लाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार आगे आई है। इसके लिए स्टेडियम में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम क्रस बो के राष्ट्रीय खिलाड़ी और आगरा के निवासी रजत विज ने आयोजित किया। वे भारतीय क्रोस बो शूटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।

मुख्यमंत्री अखिलेश ने क्रोस बो को देसी धनुष नाम दिया है। वह चाहते हैं कि प्रदेश का बच्चा-बच्चा इस खेल को समझे और खेले। क्रस बो के नाम से होने वाला यह खेल ज्यादा लोकप्रिय नहीं है, न ही ज्यादातर लोग इसे जानते हैं। देसी धनुष के नाम से इसे प्रदेश में पहचान मिलेगी।

विधानसभा चुनाव-2017 को लेकर किए गए सर्वे पर अखिलेश ने कहा, “हो सकता है यह सर्वे भ्रम फैलाने के लिए किया गया हो। फिर भी मैं इसे सकारात्मक रूप में लेता हूं। सर्वे ने हमें जागरूक किया है। हम जनता के बीच जाकर वोट मांगेंगे। विकास के मामले में भाजपा और बसपा बहुत पीछे हैं। भाजपाई हर घटना पर राजनीति कर रहे हैं।”

कार्यक्रम के आयोजक रजत विज ने बताया, “जब मैं और मेरी पत्नी मुख्यमंत्री अखिलेश से मिले तो उन्हें आश्चर्य हुआ कि आगरा का कोई व्यक्ति राष्ट्रीय क्रस बो टीम का हिस्सा है।”

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने से ये खेल जल्द ही मुख्यधारा से जुड़ जाएगा।

कार्यकम के आयोजक रजत विज की पत्नी हिना विज को पहली भारतीय होने का गौरव प्राप्त है, जिन्होंने 2015 में फ्लोरिडा में आयोजित विश्व क्रस बो प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण पदक और 3 रजत पदक जीते।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493