गठबंधन कांग्रेस की मजबूरी : अशोक गहलोत

पटना, 12 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यहां गुरुवार को कहा कि आज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन कांग्रेस की मजबूरी है।

अशोक गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए यहां कहा कि समय की मांग के कारण कांग्रेस को गठबंधन करना पड़ रहा है, नहीं तो किसी जमाने में कांग्रेस अकेले ताकतवर पार्टी थी। आज वह स्थिति नहीं है कि कांग्रेस अकेले दम पर सरकार बना ले।

उन्होंने हालांकि बाद में यह भी कहा, “राजद से हमारा गठबंधन है और हमेशा ही रहेगा।”

गहलोत ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजग में चले जाने के निर्णय को गलत बताते हुए कहा, “आज वे सांप्रदायिक ताकतों के साथ खड़े हैं। उन्हें इसके लिए एक दिन पछतावा होगा। आज सबको पता है कि नीतीश भाजपा के साथ सहज नहीं हैं।”

गहलोत ने संगठन को एकबार फिर से मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस को अकेले सरकार में लाने की कोशिश होनी चाहिए।

उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बिहार दौरे पर भारी खर्च किए जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ईमानदारी का चोला पहनने वाले भाजपा के लोगों को यह बताना चाहिए शाह के इस दौरे पर खर्च करने के लिए पैसे कहां से आए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493