चेन्नई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। स्पेन की विंड टरबाइन बनाने वाली कंपनी गामेशा की भारतीय सहयोगी इकाई ने सोमवार को मलेशिया की मनोरमा समूह से 10 मेगावॉट के टरबाइन का ठेका मिलने की घोषणा की।
गामेशा रिन्युएबल्स ने यहां एक बयान में कहा कि वह कम हवा वाले क्षेत्र के खासतौर से बनाए गए दो मेगावॉट क्षमता वाले पांच टरबाइन की आपूर्ति करेगी। इन पवनचक्कियों को केरल के पलक्कड में स्थापित किया जाएगा।
ठेके के मुताबिक, गामेशा इसकी आपूर्ति, स्थापना और विंड फार्म से बिजली के निर्माण की जिम्मेदारी संभालेगी। इस परियोजना से 2017 से बिजली की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
गामेशा रिन्युएबल्स के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रमेश केमाल ने एक बयान में कहा, “मलेशिया मनोरमा के इस प्रतिष्ठित 10 मेगावॉट के ठेके के साथ केरल राज्य में अपने प्रवेश की घोषणा करते हुए हर्षित महसूस कर रहे हैं और मैं इस समूह को हमें अपना पसंदीदा साथी चुनने के लिए धन्यवाद देता हूं।”
केमाल ने कहा, “यह राज्य में हमारा पहला ठेका है, जो हमारे लिए नया बाजार खोलेगी और देश के अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में हमारी उपस्थिति बढ़ाने के लिए हमें प्रोत्साहित करेगी।”
dharmpath.com dharmpath